नीमच। दाउदी बोहरा समाज जीरन द्वारा थाना प्रभारी, पुलिस थाना जीरन को आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम जीरन के गांधीनगर स्थित कब्रिस्तान में चोरी की घटनाओं की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि कब्रिस्तान में पूर्व में गल्ले में रखी लगभग 35 से 40 हजार रुपये की राशि अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी, जिसकी सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई थी। हालांकि, उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन के अनुसार, इसके बाद कब्रिस्तान में तिजोरी रखी गई थी, जिसे दो दिन पूर्व अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़कर उसमें रखी लगभग 5 से 7 हजार रुपये की राशि चोरी कर ली गई। समाजजनों का कहना है कि इस प्रकार की दूसरी घटना से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।
समाजजनों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
प्रार्थना पत्र में पुलिस से अज्ञात आरोपियों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने एवं कब्रिस्तान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।