नीमच। रतनगढ़ क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुरा पंचायत के ग्राम कुतली के समीप स्थित अति प्राचीन सांगाराणी माता मंदिर के पास जंगल क्षेत्र में रविवार को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब आधा हेक्टेयर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहीं नगर परिषद रतनगढ़ से फायर ब्रिगेड भी रवाना की गई। वन विभाग और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
झाड़ियां और घास-फूस जलकर राख-
आग की चपेट में आने से जंगल क्षेत्र की झाड़ियां और घास-फूस जलकर राख हो गई। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना स्थल पर उप वनमंडल अधिकारी दशरथ अखंडा, डिप्टी रेंजर बगदीराम, वन अधिकारी विपुल प्रभात, संरक्षक लाखन सिंह, जुल्फिकार सहित वन विभाग के सुरक्षा श्रमिक मौजूद रहे।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
वन अधिकारी विपुल प्रभात ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग पर तेजी से नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है तथा किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मानवीय लापरवाही की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र सागवान के जंगलों के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में आग लगने के पीछे मानवीय लापरवाही या अन्य कारणों की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।