नीमच। पावन पुरुषोत्तम ज्येष्ठ माह की शुक्ल प्रतिपदा पर नीमच शहर में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय शिव महापुराण कथा आयोजन का शुभारंभ हुआ। आयोजन विजडम स्कूल के पास श्रीकृष्णा ब्लॉक गार्डन, न्यू इन्द्रानगर में किया जा रहा है।
शनिवार सुबह कपिश्वर महादेव एवं त्रयम्बकेश्वर महादेव मंदिर से बैंड-बाजों, ढोल-ढमाकों और जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। कलश यात्रा इन्द्रानगर स्थित कृष्णा ब्लॉक गार्डन पहुंची, जहां हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
आयोजन में शिव महापुराण की संगीतमय कथा का वाचन कथावाचक पंडित श्री राजेंद्र जी पुरोहित, पुजारी श्री सांवलिया सेठ मंदिर नीमच सिटी द्वारा किया जा रहा है। कथा में भगवान शिव के माहात्म्य का भक्तिमय वर्णन संगीत की मधुर स्वर लहरियों के साथ किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्य अरुण श्रीवास्तव एवं नंदकिशोर खुन्तवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।