नीमच। महू-नसीराबाद हाईवे पर रविवार रात दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत हो गई। नयागांव चौकी क्षेत्र के तुलसी होटल के सामने हुए इस हादसे में एक ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अन्यत्र रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। तुलसी होटल के पास बने स्पीड ब्रेकर पर आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से तेज गति में आ रहा दूसरा ट्रेलर नियंत्रित नहीं रह सका और सीधे आगे वाले ट्रेलर से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाला ट्रेलर सड़क किनारे उतर गया और उसका अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
केबिन में फंसे चालक को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर नयागांव चौकी पुलिस और टोल एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को जिला चिकित्सालय भेजा गया।
घायल चालक की पहचान भीलवाड़ा (राजस्थान) निवासी मदनलाल (28) पुत्र गुर्जर के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार उसे दोनों पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर अन्यत्र रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।