सिंगोली। नीमच जिले के सिंगोली नगर परिषद ने नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तीव्र विरोध के बाद राजीव आवास योजना के अंतर्गत प्रस्तावित भूखंड नीलामी का निर्णय वापस ले लिया है। प्रशासन के इस फैसले के बाद क्षेत्र में चल रहा विवाद शांत हो गया।
शुक्रवार शाम प्रभारी सीएमओ कपिल राजावत द्वारा प्रेस नोट जारी कर राजीव आवास योजना के तहत नीलाम होने वाले 12 भूखंडों की जारी विज्ञप्ति को निरस्त कर दिया गया।
गौरतलब है कि नगर परिषद ने 8 मई को विज्ञप्ति जारी कर 23 मई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। लेकिन इस निर्णय का नागरिकों सहित कांग्रेस नेताओं ने कड़ा विरोध किया था। उनका कहना था कि जिन भूखंडों को नीलाम करने की योजना है, वहां पहले से ही गार्डन निर्माण प्रस्तावित है, इसलिए इस भूमि को नीलाम नहीं किया जाना चाहिए।
इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और नागरिकों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि यदि नीलामी प्रक्रिया निरस्त नहीं की गई तो 24 मई से तहसील कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
लगातार बढ़ते विरोध और जनभावनाओं को देखते हुए नगर प्रशासन ने निर्णय बदलते हुए शुक्रवार शाम को नीलामी की विज्ञप्ति को आधिकारिक रूप से निरस्त कर दिया।