चित्तौड़गढ़। फिट इंडिया मिशन के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा रविवार सुबह “Sunday on Cycle” कार्यक्रम एवं योग गतिविधियों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। सुभाष चौक से इंदिरा गांधी स्टेडियम तक निकाली गई साइकिल रैली तथा स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
फिटनेस गतिविधियों में दिखा उत्साह-
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने साइकिल रैली में भाग लेकर फिट इंडिया मिशन का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन के साथ साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
योग और रोप स्किपिंग का भी आयोजन-
इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग एवं व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही योगा एवं रोप स्किपिंग जैसी विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, खिलाड़ियों और आमजन ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
“फिट शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ भारत” का संदेश-
कार्यक्रम के दौरान “फिट शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ भारत” का संदेश दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि नियमित व्यायाम एवं फिटनेस गतिविधियां व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अंत में चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी नागरिकों, युवाओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।