खरगोन। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर राठौर समाज ने सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। अन्नपूर्णा समिति के माध्यम से समाज के सदस्यों ने जिला अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
समाज के लोगों ने अस्पताल के सर्जिकल वार्ड, मेडिकल वार्ड, मैटरनिटी वार्ड सहित सभी वार्डों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना। समिति के सदस्यों ने हर बेड तक पहुंचकर मरीजों का हौसला बढ़ाया और उन्हें सकारात्मक संदेश दिया। फल वितरण के दौरान मरीजों के चेहरों पर मुस्कान भी देखने को मिली।
इस अवसर पर राठौर समाज के जिला अध्यक्ष मिश्रीलाल राठौर ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में दान-पुण्य और सेवा का विशेष महत्व बताया गया है। इसी भावना के साथ अस्पताल में फल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा, “सेवा ही सच्चा धर्म है। पुरुषोत्तम मास सेवा का महीना है और मरीज की सेवा नारायण सेवा के समान है। इसी सोच के साथ सभी वार्डों में फल बांटे गए हैं।”
समाजजनों की इस पहल की अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने सराहना की।