बड़वानी। सेंधवा शहर में कानबाई माता का तीन दिवसीय धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के घरों में कानबाई माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मान्यता है कि श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर कानबाई माता को अपने घर लाकर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन करते हैं। मन्नत पूरी होने की खुशी में परिवार एवं समाजजन एकत्रित होकर माता की आराधना करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
तीन दिनों तक चले आयोजन में महिलाओं, बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता के भजनों और जयकारों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का वातावरण गूंजता रहा। घरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का भी पालन किया गया।
सोमवार को हुआ समापन
सोमवार को तीन दिवसीय आयोजन का विधि-विधान के साथ समापन हुआ। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। भक्तों ने भावुक मन से कानबाई माता को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः माता के आगमन की कामना की।
आयोजन के दौरान कानबाई माता के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और विश्वास देखने को मिला। भक्तों ने माता से अपने परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।