भौरासा। ओंकारेश्वर से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर निकली बाबा भंवरनाथ कांवड़ यात्रा ने 150 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर भौरासा नगर में प्रवेश किया। कांवड़ यात्रियों के नगर आगमन पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भौरासा प्रेस क्लब द्वारा छोटे हनुमान चौक पर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया। यहां मनोज शुक्ला, अभय देव नागर, सुरेश राठौर, कमल पाटीदार, अशोक विश्वकर्मा, नागेश कदम और रमेश ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित रहे।
नगर परिषद कार्यालय के सामने नगर परिषद अध्यक्ष संजय जोशी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, पार्षद सचिन यादव, डॉ. मोहन माली, संजय माली और मौसम माली ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। वहीं रपट क्षेत्र में मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल चावड़ा, नगर परिषद उपाध्यक्ष जय सिंह राणा और विजय सिंह दरबार (भुरूभाई) ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर केले वितरित किए।
कांवड़ यात्रा भौरासा फाटा से नगर में प्रवेश कर बस स्टैंड, छोटा हनुमान चौक, एमजी रोड, बड़ा हनुमान चौक, चौधरी मोहल्ला, माली मोहल्ला और टंकी चौराहे सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाबा भंवरनाथ मंदिर पहुंची।
मंदिर परिसर में नगर पुरोहित मनोज जोशी तथा स्थानीय पुजारी चंद्रशेखर शर्मा और बबूल शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान मनकामेश्वर एवं बाबा भंवरनाथ महाराज का मां नर्मदा के पवित्र जल से जलाभिषेक कराया गया।
कांवड़ यात्रियों ने भगवान से नगर और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, प्रगति और खुशहाली की कामना की। जलाभिषेक के बाद महाआरती और प्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि नरसिंह मंदिर समिति द्वारा पिछले तीन वर्षों से यह कांवड़ यात्रा निशुल्क निकाली जा रही है। इसकी जानकारी कांवड़ यात्रा समिति के सदस्यों ने दी।