चित्तौड़गढ़। सदर थाना के पीछे मोहन नगर स्थित गौतमेश्वर महादेव मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय चतुर्थ पाटोत्सव का आयोजन 18 एवं 19 अगस्त को किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार मंगलवार, 18 अगस्त को प्रातः 11 बजे सहस्रधारा अभिषेक किया जाएगा। दोपहर 1 बजे हवन-पूजन होगा। इसके बाद शाम को बालाजी मित्र मंडल की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
पाटोत्सव के दूसरे दिन बुधवार, 19 अगस्त को प्रातः हवन-पूजन के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। शाम को भगवान का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण होगा।
आयोजनकर्ताओं ने समस्त श्रद्धालुओं से पाटोत्सव के सभी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।