नीमच। वार्ड क्रमांक 19 में खुले पड़े नाले में बाइक गिरने की घटना सामने आने के बाद रहवासियों में नाराजगी है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। रहवासियों का कहना है कि खुले नाले की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
रहवासी बिलाल कुरैशी पिता फिरोज कुरैशी ने आरोप लगाया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था और खुले नाले की समस्या को लेकर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने वार्ड पार्षद बतूल बानो और पार्षद प्रतिनिधि इकबाल कुरैशी के रवैये पर भी सवाल उठाए।
रहवासियों का कहना है कि खुले नाले के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और वार्ड प्रतिनिधियों से मांग की है कि नाले को शीघ्र ढंकवाया जाए तथा क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जाए।
फिलहाल रहवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।