सरवानिया महाराज। संत रामपाल महाराज की अन्नपूर्णा मुहिम के तहत नीमच जिले में जरूरतमंद एवं असहाय परिवारों तक सहायता पहुंचाने का अभियान शुरू किया गया है। मुहिम के अंतर्गत जावद एवं सिंगोली तहसील के तीन जरूरतमंद परिवारों को एक माह का राशन उपलब्ध कराया गया।
अन्नपूर्णा मुहिम की सेवा टीम ने जावद तहसील के सरवानिया महाराज स्थित शिव नगर निवासी बगदीबाई (69 वर्ष), जो मजदूरी कर अपना एवं अपने दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं, के घर पहुंचकर सहायता प्रदान की। इसी प्रकार जावद तहसील के पालराखेड़ा गांव निवासी शंभूबाई (59 वर्ष) एवं उनके दिव्यांग पुत्र कारूलाल (23 वर्ष) तथा सिंगोली तहसील के बाणदा गांव निवासी लादूराम जी के परिवार को भी राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
लादूराम जी करीब चार वर्ष पूर्व दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी टूटने के बाद आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी एवं दो बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी है।
सेवा टीम द्वारा जरूरतमंद परिवारों को आटा, दाल, तेल, चावल, शक्कर, आलू, प्याज, चाय, मसाले सहित कुल 22 प्रकार की खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। साथ ही परिवारों को एक कार्ड भी दिया गया है, जिसके माध्यम से राशन समाप्त होने से पहले सूचना देने पर पुनः सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। टीम के अनुसार जरूरतमंद परिवारों को यह सहायता नियमित रूप से प्रतिमाह उनके घर पहुंचाकर दी जाएगी।
इस अवसर पर सेवा टीम ने बताया कि संत रामपाल महाराज का उद्देश्य समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और प्रत्येक जरूरतमंद तक भोजन, कपड़ा, शिक्षा, चिकित्सा एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। इसके साथ ही दहेज मुक्त विवाह, नशा मुक्त समाज एवं भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह जानकारी जिला सेवादार सुरेंद्रदास, प्रकाशदास एवं भरतदास ने दी।