मंदसौर। जनहित एवं किसान हित की मांगों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 11वें दिन जल सत्याग्रह में बदल गया। गांधी चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में शिवसेना मध्यप्रदेश राज्य प्रमुख सुनील शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान आईटी सेल प्रभारी नाहर सिंह गौड़ पानी से भरे ड्रम में बैठकर जल सत्याग्रह पर बैठे। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
शिवसेना ने जिला अस्पताल में एसडीपी मशीन लगाने, उसके संचालन के लिए स्थायी तकनीशियन नियुक्त करने तथा सोनोग्राफी के लिए स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग रखी है। संगठन का कहना है कि विशेषज्ञों की कमी से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके अलावा वर्ष 2020 से लंबित किसानों के मुआवजे का भुगतान करने तथा मंदसौर शहर में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की है।