उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध अतिप्राचीन श्री मंगलनाथ मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला है । हैदराबाद के ओहरी परिवार ने भगवान मंगलनाथ को करीब 20 किलो चांदी दान की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है । इस चांदी से भगवान मंगलनाथ के लिए नई भव्य जलाधारी तैयार कर स्थापित की गई है।
मंदिर में करीब 15 वर्ष पुरानी जलाधारी को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर बदला गया। अब भगवान मंगलनाथ नई चांदी की जलाधारी धारण कर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं । नई जलाधारी स्थापित होने के बाद मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है ।
मंगलनाथ मंदिर का धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष महत्व है । उज्जैन स्थित यह मंदिर भगवान मंगल ग्रह को समर्पित विश्व प्रसिद्ध मंदिरों में विशेष स्थान रखता है । मान्यता है कि यहां मंगल दोष के निवारण के लिए विशेष पूजा-अर्चना और भात पूजा कराई जाती है । देशभर से श्रद्धालु मंगल दोष की शांति और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना लेकर यहां पहुंचते हैं।
हैदराबाद के ओहरी परिवार द्वारा की गई इस श्रद्धापूर्ण भेंट से भगवान मंगलनाथ का दरबार और अधिक भव्य हो गया है। नई चांदी की जलाधारी में विराजमान भगवान मंगलनाथ के दर्शन कर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।