नीमच। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार एवं नियमित निगरानी के उद्देश्य से डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक ने दोपहर करीब 12.30 बजे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
अस्पताल के विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण-
डिप्टी कलेक्टर ने मैटरनिटी कक्ष, ओपीडी, लैब, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर के टॉयलेट सहित अन्य स्थानों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल, आर्थाे एवं सर्जिकल वार्ड में ड्यूटी रजिस्टर की जांच कर कर्मचारियों की उपस्थिति एवं ड्यूटी संबंधी जानकारी ली।
मरीजों से ली इलाज और सुविधाओं की जानकारी-
इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से डिप्टी कलेक्टर ने बातचीत की। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाइयों, चिकित्सकीय सेवाओं एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा।
नौ प्रमुख बिंदुओं पर होगी निगरानी-
अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित जांच के लिए डॉक्टरों की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल, मरीजों की शिकायतों सहित नौ प्रमुख बिंदुओं की निगरानी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को प्रस्तुत की जाएगी।
अधिकारियों की साप्ताहिक ड्यूटी निर्धारित-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों की दिनवार ड्यूटी निर्धारित की है। अधिकारी अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, ताकि कमियों को समय पर दूर कर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।