नीमच। एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट, गला दबाने और 12 बोर की बंदूक से धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता किरण पति नरेंद्र नायक, निवासी ग्राम धतरावदा, तहसील ताल, जिला रतलाम, सोमवार को मायके पक्ष के साथ नीमच एसपी कार्यालय पहुंची और पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
किरण ने बताया कि करीब 12 वर्ष पहले उसका विवाह नरेंद्र पिता शंकरलाल नायक, निवासी ग्राम महेशपुरिया, तहसील जावद, जिला नीमच से हुआ था। उसके दो बच्चे हैं, 8 वर्षीय पुत्र जितेंद्र और 6 वर्षीय पुत्री वंदना।
आवेदन में आरोप है कि शादी के बाद से ही पति शराब पीकर मारपीट करता और मायके से 5 लाख रुपये नकद, 4 किलो चांदी और एक तोला सोना लाने का दबाव बनाता था। महिला ने पति नरेंद्र के साथ सास प्रेम बाई, ससुर शंकरलाल, देवर रवि नायक और देवरानी मनीषा पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
महिला के मुताबिक 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि उसे बच्चों से अलग कर घर से निकाल दिया गया और उसका सामान व स्त्रीधन भी रख लिया गया। महिला का दावा है कि पति 12 बोर की बंदूक लेकर उसके पीछे आया और जान से मारने की धमकी दी।
किरण ने तस्कर ससुर शंकरलाल पर आपराधिक गतिविधियों और पूर्व में एनडीपीएस मामलों का प्रकरण दर्ज होने का उल्लेख करते हुए भाइयों को अफीम केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं, उसके भाइयों रंजीत और शंभू पर नीमच कैंट थाने में धारा 151 की कार्रवाई का भी आवेदन में उल्लेख है।
महिला का कहना है कि जावद थाना और महिला थाना नीमच में शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने एसपी से पूरे मामले की जांच कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।