चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से स्थानीय भरत बाग में ‘युवा संवादकृप्रदेश अध्यक्ष के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा मुख्य अतिथि तथा चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेश गाडरी ने की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह रूद, नगर परिषद चुनाव सह-संयोजक अनंत समदानी, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री कृष्णपाल सिंह चुंडावत एवं प्रभारी रामपाल जाट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। ‘एक वोट चित्तौड़गढ़ के विकास के नाम’ विषय पर आयोजित संवाद में शहर के विभिन्न वार्डों एवं बस्तियों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
युवाओं ने खुले मंच से पूछे सवाल-
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने रोजगार, छात्राओं के लिए सुरक्षित लाइब्रेरी एवं खेल सुविधाओं, नशामुक्ति, स्टार्टअप लोन और नगर परिषद में पारदर्शिता जैसे मुद्दे उठाए। युवाओं ने अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे मंच पर रखा।
प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा युवाओं को सम्मान और अवसर देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा देश के वर्तमान और भविष्य की शक्ति हैं। उन्होंने नगर परिषद चुनाव में संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम, डिजिटल लाइब्रेरी और खेल मैदान विकसित करने की बात कही।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र के गौरव का प्रतीक है और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना प्राथमिकता है। उन्होंने टूरिज्म सर्किट, नए औद्योगिक क्षेत्र एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष सुरेश गाडरी ने युवाओं को संकल्प दिलाया। इस दौरान युवाओं ने ‘एक वोट चित्तौड़गढ़ के विकास के नाम’ का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला महामंत्री राधेश्याम कुमावत ने किया तथा आभार जिला महामंत्री सूर्यप्रताप सिंह गुड्डा ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष लालचंद गुर्जर सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।