नीमच। कांग्रेस सेवादल ने जिले में संगठन को बूथ एवं गांव स्तर तक सक्रिय और मजबूत करने का संकल्प लिया है। रविवार को गांधी भवन में राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम में तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम एवं संगठन की एकजुटता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती, सेवादल जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव एवं अनिल चौरसिया ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को सलामी दी।
सेवादल जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि संगठन को जिले के प्रत्येक वार्ड एवं गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगले माह नीमच में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करने की योजना है, जिसमें प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ राष्ट्रप्रेम, एकता एवं भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में बेबी मेहरा, मोनू लोकस, इलियास कुरैशी, भुवान सिंह, ब्रजेश मित्तल, मुकेश कालरा, मदन सिंह एवं मनोहर अंब सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।