खरगोन। जिला कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज कथित झूठी एफआईआर को वापस लेने तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित सभा के बाद सभा स्थल पर कथित रूप से किए गए “शुद्धिकरण अनुष्ठान” के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भारत सरकार, नई दिल्ली के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि विगत दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित सभा के पश्चात भाजपा से जुड़े कुछ तत्वों द्वारा सभा स्थल का “शुद्धिकरण अनुष्ठान” किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना का विरोध करते हुए राहुल गांधी ने इसे संविधान की भावनाओं के विरुद्ध बताया था।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि संविधान इस प्रकार के कृत्यों की अनुमति नहीं देता और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, इस मामले में “शुद्धिकरण अनुष्ठान” करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, जिसका कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध किया।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई कथित झूठी एफआईआर को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। साथ ही संविधान की भावनाओं के विपरीत जाकर “शुद्धिकरण अनुष्ठान” करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी लगातार आंदोलन करती रहेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।