चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देश पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह चुंडावत ने बुधवार को सूचना केंद्र में नवनिर्मित लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि लाइब्रेरी ज्ञान अर्जित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने समय का अधिक से अधिक उपयोग अध्ययन और ज्ञानवर्धन में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अध्ययन के दौरान एकाग्रता बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ें।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक अध्ययन के लिए नियमित पुस्तक पठन की आदत विकसित करने की सलाह दी। साथ ही, लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं अन्य अध्ययन सामग्री का अधिकतम लाभ उठाकर अपने ज्ञान का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के लिए विकसित किया उपयोगी अध्ययन केंद्र-
सूचना केंद्र की नवनिर्मित लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक एवं बेहतर अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां शांत एवं अनुकूल वातावरण में छात्र-छात्राएं नियमित रूप से अध्ययन कर सकते हैं। लाइब्रेरी में विभिन्न विषयों की पुस्तकें एवं उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला परिषद के कमलेश सहलोत सहित जनसंपर्क कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।