मंदसौर। जिले के बोतलगंज में 2 सितंबर को बिजली ग्रिड पर आग की चपेट में आई 35 वर्षीय मरियम की गुरुवार को इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गई थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मरियम अपने नाबालिग बेटे के साथ घर से पेट्रोल की बोतल लेकर बिजली ग्रिड पहुंची थी। वहां महिला ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डाला और नाबालिग बेटे ने माचिस से आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह मौके से भाग गया। एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि महिला ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए यह कदम उठाया था।
बिजली चोरी की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई-
बताया गया कि मरियम के पति आशिक राशिद गुटी सिलेक्ट पेंसिल का कारखाना चलाते हैं। 2 सितंबर को बिजली विभाग की टीम बिजली चोरी की शिकायत पर कारखाने पहुंची थी। विभाग की टीम ने बिजली चोरी पकड़े जाने का दावा करते हुए मौके पर पंचनामा बनाया और वहां से लौट गई।
आशिक का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने छापे के बाद एक लाख रुपए लेकर कार्यालय आने को कहा था। उनकी पत्नी करीब 70 हजार रुपए लेकर ग्रिड पहुंची थी। उनका आरोप है कि पैसे लेने के बाद अधिकारी मुकर गए और प्रकरण बनाने लगे, इसी दौरान विवाद हुआ और उनकी पत्नी आग की चपेट में आ गई।
बेटे का वीडियो भी सामने आया-
महिला के नाबालिग बेटे का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह कथित तौर पर कह रहा है कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने 80-90 हजार रुपए का जुर्माना भरने की बात कही थी। इसके बाद उसकी मां ने गुस्से में अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। बेटे के अनुसार, उसने जेब से माचिस निकालकर आग लगा दी और मौके से भाग गया।
पति ने बिजली चोरी की बात स्वीकार की-
आशिक ने कारखाने में बिजली चोरी होने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि कारखाना चलाने वाले लोग कभी-कभी थोड़ी-बहुत बिजली चोरी करते हैं।
80 प्रतिशत से अधिक झुलसी थी महिला-
आग से मरियम का चेहरा, सिर, दोनों हाथ, पेट, सीना और दोनों पैरों का कुछ हिस्सा झुलस गया था। उसका शरीर 80 प्रतिशत से अधिक जल गया था। इंदौर के एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव बोतलगंज लाया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मामले में नाबालिग फिलहाल उसकी गिरफ्त से बाहर है। मामले की जांच जारी है।