मनासा। नगर में आगामी 18 सितंबर से एक भव्य भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। दृष्टिबाधित कन्याओं के जीवन को शिक्षा के उजाले से संवारने वाले विख्यात राष्ट्रीय संत श्री कृष्णानंद महाराज गुरुदेव के मुखारविंद से इस भागवत महापुराण कथा का अमृतपान कराया जाएगा। एक लंबी प्रतीक्षा के बाद नगर वासियों को यह पावन अवसर उपलब्ध हुआ है, जिसे लेकर धर्मप्रेमियों और स्थानीय भक्तों में भारी हर्ष का माहौल है।
अपने दो दिवसीय अल्प प्रवास पर पधारे संत श्री ने जब भक्तों के इस कथा आयोजन के निवेदन को स्वीकार किया, तब से ही मनासा में कथा की जोरदार तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।स्थानीय कृष्णानंदजी सेवा समिति के प्रमुख से मिली जानकारी के अनुसार, यह भव्य आयोजन सभी आस्थाशील भक्तजनों के सहयोग से संपन्न हो रहा है। कथा का शुभारंभ मनासा के उषागंज स्थित अयोध्यापुरी धर्मशाला के विशाल परिसर में एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।
यह कलश यात्रा 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे श्रीराम मंदिर, उषागंज से आरंभ होकर कथा स्थल अयोध्यापुरी धर्मशाला पहुंचेगी। कथा 18 सितंबर से 24 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2ः00 बजे से शाम 5ः30 बजे तक होगी प्रथम दिन कलश यात्रा के कारण कार्यक्रम दोपहर 12ः00 बजे से शुरू होगा। सेवा समिति ने क्षेत्र के समस्त भक्तजनों, आस्थाशीलों और धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं और कथा का पुण्य लाभ अर्जित करें।