मंदसौर। पिपलियामंडी पुलिस ने 136.85 क्विंटल लहसुन की हेराफेरी के मामले में ट्रक मालिक को इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हेराफेरी किए गए लहसुन की बिक्री से प्राप्त 8 लाख 72 हजार 810 रुपए नकद और करीब 15 लाख रुपए कीमत का आयशर ट्रक जब्त किया है। जांच में ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए जाने की बात सामने आई है। मामले में ट्रक चालक समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं।
पश्चिम बंगाल भेजना था 432 बोरी लहसुन-
पुलिस के अनुसार व्यापारी लोकेश हरजानी को पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी स्थित गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी से 432 बोरी लहसुन का ऑर्डर मिला था। इन बोरियों का कुल वजन 136 क्विंटल 85 किलोग्राम था। माल की डिलीवरी के लिए व्यापारी ने मंदसौर के आसाम बंगाल एमडी रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट से ट्रक की व्यवस्था की थी।
23 अगस्त को आयशर ट्रक क्रमांक HR39G8686 व्यापारी की फर्म पर पहुंचा। ट्रक में चालक दिनेश सिंह निवासी लुडास, हिसार (हरियाणा) और अकबर अंसारी सवार थे। दोनों ने 432 बोरी लहसुन ट्रक में लोड कराई और पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुए। आरोप है कि तय स्थान पर माल पहुंचाने के बजाय रास्ते में लहसुन की हेराफेरी कर दी गई।
शिकायत के बाद CCTV और साइबर टीम से जांच-
लहसुन की डिलीवरी नहीं होने पर व्यापारी ने 25 अगस्त को पिपलियामंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(3) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और ट्रक के संभावित मार्गों के CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ साइबर सेल की तकनीकी मदद से ट्रक की गतिविधियों और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
फर्जी नंबर प्लेट से चल रहा था ट्रक-
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हेराफेरी के समय ट्रक पर HR39G8686 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ट्रक का वास्तविक नंबर MP09BM4221 पता लगाया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्रक मालिक जफर पिता हुसैन खान (41), निवासी मदारीपुरा की चाल, परदेशीपुरा, इंदौर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8 लाख 72 हजार 810 रुपए नकद और आयशर ट्रक क्रमांक MP09BM4221 जब्त किया गया।
चालक समेत तीन आरोपी फरार-
मामले में ट्रक चालक दिनेश सिंह पिता जोगिंदर सिंह, निवासी लुडास, हिसार (हरियाणा), अकबर अंसारी और शाहीद अंसारी, दोनों निवासी परदेशीपुरा, इंदौर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में हेराफेरी से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।