बड़ीसादड़ी। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में तीन अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, टांडा बंजारा (डूंगरिया), घाटोल निवासी 18 वर्षीय विक्रम जोगी 11 अगस्त की शाम करीब 7 बजे निजी काम से बड़ीसादड़ी आया था। बिजली कार्यालय के सामने बैंक के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल रोकी। इसी दौरान वहां मौजूद 3-4 युवकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर बड़ीसादड़ी थाने में प्रकरण संख्या 211/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 119(1), 126(2), 115(2), 304(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी सहायता से आरोपियों तक पहुंची पुलिस-
पुलिस टीम ने बड़ीसादड़ी कस्बे, पण्डेडा एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में वारदात में गजेन्द्र मीणा सहित उसके तीन अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने पण्डेडा निवासी गजेन्द्र पिता उदयलाल मीणा (20) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर प्रकरण में लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। तीन अन्य आरोपियों को नामजद कर उनकी तलाश की जा रही है।
अकेले व्यक्ति को बनाते थे निशाना-
पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय अकेले व्यक्ति को देखकर उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगते थे। पैसे देने से मना करने पर मारपीट कर उसके पास मौजूद नकदी और सामान लूट लेते थे। इसके बाद लूट की राशि से शराब का सेवन कर मौज-मस्ती करते थे।
पुलिस टीम-
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मीलाल, कांस्टेबल श्रवण कुमार (604), बाबूलाल (521), राकेश भाटी (389), अचलाराम (640), प्रेमाराम (1050) एवं बाबूलाल (1685) शामिल रहे। कार्रवाई थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में की गई।