रतनगढ़। ग्राम रूघनाथपुरा में शनिवार को खेत की मेड़ पर झाड़ियों में करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद वन परिक्षेत्र रतनगढ़ की टीम मौके पर पहुंची और अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
वन विभाग के अनुसार, ग्राम रूघनाथपुरा निवासी किसान किसनलाल पिता मथुरालाल भांभी के खेत की मेड़ पर झाड़ियों में अजगर छिपा हुआ था। उसे देखकर ग्रामीण भयभीत हो गए और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्राधिकारी रतनगढ़ बापूलाल दायणा के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को रेस्क्यू किया और शासकीय वाहन से वन परिक्षेत्र रतनगढ़ के जंगल में ले जाकर जीवित एवं स्वस्थ अवस्था में सुरक्षित छोड़ दिया।
रेस्क्यू किए गए अजगर की लंबाई करीब 8 फीट बताई गई है। समय रहते वन विभाग की टीम के पहुंचने से अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ा जा सका।
इनका रहा सहयोग-
रेस्क्यू कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी बापूलाल दायणा, वनरक्षक नितेश रावत, सुरक्षा श्रमिक सत्यनारायण व धर्मराज गुर्जर तथा वाहन चालक बालकिशन की भूमिका रही। वहीं ग्रामीण रमेश, सौरभ, करण, रतनलाल और राजू ने भी सहयोग किया।