नीमच। जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से जारी आदेश के तहत कई निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार निरीक्षक पुष्पा चौहान को पुलिस लाइन नीमच से थाना प्रभारी बघाना बनाया गया है। निरीक्षक शिव रघुवंशी को प्रभारी कंट्रोल रूम नीमच से थाना प्रभारी सिंगोली की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक हिमांशु चौहान को पुलिस लाइन से थाना प्रभारी मनासा पदस्थ किया गया है।
वहीं निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा, थाना प्रभारी सिंगोली से जिला विशेष शाखा (क्ैठ) नीमच भेजे गए हैं। कार्यवाहक निरीक्षक निलेश अवस्थी को थाना प्रभारी मनासा से प्रभारी कंट्रोल रूम नीमच की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक राधेश्याम डांगी को थाना प्रभारी बघाना से हटाकर पुलिस लाइन नीमच भेजा गया है।
एसपी राजेश व्यास ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि यह फेरबदल जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की दिशा में किया गया है।