मुरैना। जिले में लगातार बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में हालात बिगड़ गए हैं। सबलगढ़ जनपद पंचायत की बरखेड़ा ग्राम पंचायत में नाले में उफान आने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच एक गर्भवती महिला को इलाज के लिए परिजन खाट पर लिटाकर रपटा पार कराते नजर आए।
बताया जा रहा है कि नाले में पानी बढ़ने के कारण ग्रामीणों के लिए रास्ता बाधित हो गया है। ऐसे में गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों को खाट का सहारा लेना पड़ा। परिजन महिला को खाट पर लिटाकर पानी के बीच से रपटा पार कराते दिखाई दे रहे हैं।
विधायक और प्रशासन पर उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने क्षेत्रीय विधायक तथा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बारिश के दौरान नाले में उफान आने से गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों को समय पर सरकारी मदद नहीं मिल पा रही है।
गर्भवती महिला को इस तरह खाट पर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र में सुविधाओं और बारिश के दौरान प्रशासन की तैयारियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।