शाजापुर। फसल बीमा वर्ष 2025 का क्लेम दिए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के बैनर तले कलेक्टर कार्यालय के बाहर पिछले छह दिनों से चल रहा किसानों का धरना प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। किसानों ने बीमा कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सोमवार को भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने टंकी चौराहे से बीमा कंपनी के खिलाफ विरोध रैली निकाली। किसान बीमा कंपनी की अर्थी को कंधे पर लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां किसानों ने बीमा कंपनी की अर्थी जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के बाद बीमा कंपनी के अधिकारियों एवं एसडीएम ने किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने 7 दिवस के भीतर फसल बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद भारतीय किसान संघ ने अपना छह दिवसीय धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
किसानों का कहना है कि फसल बीमा का लाभ समय पर नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से बीमा क्लेम की प्रक्रिया जल्द पूरी कर राशि खातों में जमा कराने की मांग की है।