चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर जिला कलेक्टर चौराहे पर प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अहसान पठान ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता “ज्ञानेश कुमार को हटाओ, देश बचाओ” और “वोट चोरी को तुरंत रोको” सहित नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निर्वाचन आयोग को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल-
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, जिला सहप्रभारी छोटूराम मीणा और विधानसभा प्रभारी नरेंद्र सिंह गुड़ा ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाल में सामने आई रिपोर्टों में निर्वाचन आयोग के दो चुनाव आयुक्तों द्वारा विभिन्न निर्णयों पर आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कम से कम 14 अवसरों पर आयोग के निर्णयों एवं प्रक्रियाओं को लेकर आपत्तियां दर्ज की थीं।
कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची में संशोधन और चुनाव संबंधी आईटी व्यवस्था के केंद्रीकरण को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों की स्वतंत्र और व्यापक समीक्षा होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों तथा मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने बाद में SIR और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए गए सवालों पर स्पष्टीकरण जारी किया है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद-
प्रदर्शन में सेवादल के राष्ट्रीय सचिव पीयूष त्रिवेदी, वरिष्ठ नेता करण सिंह सांखला, उपाध्यक्ष संदीप सोमानी, उत्सव भाणावत, अजय लोट, सुभाष शारदा, गोपाल जाट, धर्मेंद्र मुंद्रडा, शिल्पन शाहू, दिनेश अहीर, रशीद सागर, हीरालाल गुर्जर, नुसरत खान, बंटी पारक, प्रवक्ता दिनेश गुर्जर, गणपत पुरी सहित विभिन्न प्रकोष्ठों, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।