नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारत रत्न पं. अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, टाउन हॉल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, वरिष्ठ नेता हेमंत हरित, जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार, जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह-मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा सहित पत्रकार मौजूद रहे।
परिहार ने कहा कि SIR को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बीच निर्वाचन आयोग ने अपने स्पष्टीकरण में स्पष्ट किया है कि आयोग के प्रमुख निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है।
फॉर्म-6 और पत्र को लेकर भी दी जानकारी-
परिहार ने कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे SIR अथवा निर्वाचन आयोग की नीतिगत प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जबकि आयोग के अनुसार यह एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित आंतरिक मामला था।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी 27 मई 2026 को SIR की प्रक्रिया की वैधानिकता से जुड़े मामले में निर्णय दे चुका है। परिहार के अनुसार, SIR का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने फॉर्म-6 को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी स्थिति स्पष्ट की और कहा कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत बूथ स्तर पर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है।
तथ्यों के आधार पर चर्चा की अपील-
परिहार ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन निर्वाचन आयोग, सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाने से पहले तथ्यों एवं आधिकारिक दस्तावेजों का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा SIR को लेकर जनता के बीच तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएगी तथा पात्र नागरिकों के मताधिकार और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए आवश्यक सहयोग करेगी। उन्होंने विपक्ष से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा का सम्मान करने की अपील की।