नीमच। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नीमच में कांग्रेसजनों ने गांधी भवन एवं गांधी वाटिका में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं लाल बहादुर शास्त्री की छवि पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और जनभागीदारी के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने सादगीपूर्ण नेतृत्व के साथ देश को कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास दिया और ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।