मनासा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महान राष्ट्रनायकों के जीवन, विचारों एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र श्याम सोनी के कार्यालय से हुई। यहां कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सभी कांग्रेसजन स्थानीय शासकीय महाविद्यालय पहुंचे, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर गांधीवादी नेता विजय बैरागी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधीजी का सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह तथा शास्त्रीजी की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कांग्रेसजनों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र श्याम सोनी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र दामु विजयवर्गीय, जिला कांग्रेस महासचिव महेंद्र उपाध्याय सांडिया, वरिष्ठ इंटक नेता विजय बैरागी, सूरजमल सेन, अयूब कबाड़ी, रमेश मलिक, पार्षद सत्यनारायण लक्षकार, बाबू कुशवाह, युवा नेता अंकित जैन, पूर्व पार्षद शिवलाल कुशवाह, जमनालाल खाटवा, सुरेश कुशवाह, मुकेश बसेर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र श्याम सोनी ने सभी उपस्थित कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।