नीमच। जिले की जीरन तहसील की ग्राम पंचायत सोनियाना में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव का परिणाम आज शनिवार को घोषित कर दिया गया। मतगणना में अन्नू गुर्जर ने 428 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की और सोनियाना की नई सरपंच चुनी गईं।
मतगणना में अन्नू गुर्जर को 428 मत मिले, जबकि पप्पूबाई को 290, दिलखुश बाई को 264 और धापूबाई को 204 मत प्राप्त हुए। इस तरह अन्नू गुर्जर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पप्पूबाई को 138 मतों से हराया।
सरपंच पद के लिए कुल चार महिला प्रत्याशी मैदान में थीं। मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया गया था। इसके बाद आज शनिवार को तहसीलदार जीरन के न्यायालय कक्ष में मतगणना की गई और परिणाम घोषित किया गया।
अन्नू गुर्जर की जीत की घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। परिणाम के साथ ही सोनियाना ग्राम पंचायत को नई सरपंच मिल गई है।