शाजापुर। कालापीपल के अयोध्या स्थित मनोहर गार्डन में आज गणित विषय के शिक्षकों का एक भव्य सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई, तत्पश्चात महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर भी माल्यार्पण किया गया।
सम्मेलन में शिक्षकों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए। गणित के हर तथ्य को उजागर करने वाले मुकेश परमार ने कहा कि गणित को अगर रोचक तरीके से पढ़ाया जाए तो बहुत मजा आता है। विद्यार्थियों को बताना होगा कि गणित रोचक और मजेदार विषय है। जगदीश वर्मा ने गणित को अपना मित्र बताकर उसकी प्रशंसा की, वहीं हरिसिंह परमार ने कहा कि पहले छोटे प्रश्न हल करवाना उचित रहता है।
इस दौरान संजय नामदेव ने महात्मा गांधी के विचारों पर एक गीत सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. हरीश सोनी ने ष्नशे से दूरी, बहुत जरूरीष् का संदेश देते हुए कहा कि नशा परिवार के साथ-साथ पूरे समाज को पतन की ओर ले जाता है। जितेंद्र यादव ने शास्त्री जी और गांधी जी के विचारों को प्रस्तुत किया।
इस संगोष्ठी में कालापीपल के साथ ही शुजालपुर, बड़ोदिया, सीहोर और आष्टा से भी गणित के शिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर राकेश मेवाड़ा, देवराज सोनी, केदार सिंह, अनारसिंह, संतोष पाटीदार, कमल सिंह सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीश सोनी ने किया और आभार मुकेश मालवीय ने व्यक्त किया।