मंदसौर। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक पत्र के अनुसार, भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को शामिल करते हुए गैर-सरकारी भारतीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया है।
सांसद बंशीलाल गुर्जर 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित प्रथम चरण के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में विभिन्न बहुपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय नीतियों और विकासशील देशों से जुड़े प्राथमिक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण रखने का अवसर मिलेगा।
किसान और ग्रामीण भारत के मुद्दे रखेंगे-
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में गुर्जर के प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने से कृषि एवं ग्रामीण भारत से जुड़े विषयों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिलेगा। वे किसान कल्याण, कृषि और विकासशील देशों से जुड़े मुद्दों पर भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे।
सरपंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर-
बंशीलाल गुर्जर ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत सरपंच के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वे तीन बार कृषि मंडी अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय महामंत्री और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।
इसके बाद गुर्जर राज्यसभा सांसद बने और हाल ही में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। अब वे न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होंगे।