दतिया। कोतवाली पुलिस ने सदगुरु मोबाइल दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने निचरौली निवासी संजू पाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत के 30 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक 12-13 अगस्त की दरम्यानी रात सदगुरु मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। चोर दुकान से कुल 42 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने जांच के बाद संजू पाल को गिरफ्तार किया और उसके पास से चोरी गए 30 मोबाइल बरामद कर लिए।
एसपी मयूर खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल अन्य आरोपी दयाराम पाल और जय शिव पाल की तलाश जारी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एएसपी मनजीत सिंह चावला, एसडीओपी आकांक्षा जैन, भांडेर एसडीओपी पूनम चंद्र यादव, कोतवाली टीआई दिनेश सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम मौजूद रही।