कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 19 के उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई। वार्ड के 75 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान में कुल 22,767 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
मतगणना शुरू होते ही कांग्रेस खेमे में उत्साह देखने को मिला। अंतिम परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी भारत यादव ने 4,075 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
प्रत्याशियों को मिले मतों में कांग्रेस के भारत यादव को 12,567 वोट, भाजपा के योगेश हरिराम यादव को 8,492 वोट और निर्दलीय प्रत्याशी राजाराम खांडे को 1,297 वोट मिले। वहीं 411 मतदाताओं ने छव्ज्। का विकल्प चुना।
जीत की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई और विजयी प्रत्याशी भारत यादव को बधाई दी। कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
विजयी प्रत्याशी भारत यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायक सचिन यादव और सभी समर्थकों ने जो विश्वास और समर्थन दिया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम करने का प्रयास करेंगे।