खरगोन। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर 2 अक्टूबर को इंदौर संभाग के खरगोन सहित इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खंडवा, बुरहानपुर और बड़वानी जिलों के शिक्षक भोपाल के नीलम पार्क पहुंचे। शिक्षकों ने एक दिवसीय उपवास रखकर धरना-प्रदर्शन किया।
शिक्षकों की प्रमुख मांग है कि शिक्षा कर्मी, गुरुजी, संविदा शिक्षक और अध्यापक संवर्ग की सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से करते हुए सभी सेवा लाभ दिए जाएं। लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों से TET कराने का भी विरोध किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कई शिक्षक 20 से 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में वर्षों बाद TET कराना उचित नहीं है। शिक्षकों ने E-Attendance व्यवस्था को भी अव्यावहारिक बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की।धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष हबीबुल्लाह खान, संगठन महासचिव गोपीचंद सहिते सहित विभिन्न जिलों के शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। मोर्चे ने मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।