मंदसौर। सोमवार देर शाम प्रदेश कांग्रेस सचिव परशुराम सिसोदिया के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अफीम अधिकारी अतनु चटर्जी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नारकोटिक्स कमिश्नर से अफीम नीति जल्द घोषित करने और किसानों की समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में अनिल शर्मा, श्यामलाल मालवीय, दिनेश गुप्ता, अनिल मुलासिया, राजू गुर्जर और राजमल टेलर शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अफीम नीति घोषित होने में हो रही देरी से किसानों की परेशानी बढ़ रही है।
ज्ञापन में जीवित अफीम पट्टों का आपसी सहमति के आधार पर तत्काल नामांतरण करने तथा अफीम का मूल्य 50 हजार रुपए प्रति किलो करने की मांग की गई। इसके साथ ही मार्फीन की औसत सीमा कम करने, सभी अफीम पट्टे पुरानी चीरा पद्धति के आधार पर जारी करने और काटे गए पट्टों को बहाल करने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कम बारिश और अफीम नीति में देरी के कारण किसानों के सामने फसल की बुआई, गुणवत्ता और वजन को लेकर चिंता बढ़ रही है। ऐसे में किसानों के हित में अफीम नीति जल्द घोषित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है।