नीमच। राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में नीमच में देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर भी अपना आक्रोश जाहिर किया।
पुतला जलाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इसी दौरान प्रदर्शन स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में फायर ब्रिगेड ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की, लेकिन इसके बावजूद कुछ देर तक कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर प्रदर्शन करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जलते हुए पुतले को प्रदर्शनकारियों से छीन लिया और पानी डालकर उसे बुझा दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी गहमागहमी देखने को मिली।
देर रात तक चले प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस बल पूरे समय मौके पर तैनात रहा।