नीमच। राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विजय टॉकीज चौराहे पर पुतला दहन कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका की शासकीय गाड़ी से शहर में भाजपा के झंडे लगाए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर मौजूद पुलिस से संबंधित वाहन को जब्त कर कार्रवाई करने की मांग की।
इसी दौरान नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार मौके पर पहुंच गए। विधायक के पहुंचते ही कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता वहां से हट गए। इसके बाद विधायक ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि तरुण बाहेती बौखला गए हैं और ऐसी सोच के कारण ही कांग्रेस पीछे है। उन्होंने कहा कि झंडे लगाने से रोकने वाले कांग्रेस नेता कौन होते हैं।
घटना के बाद मौके पर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। कांग्रेस की ओर से शासकीय वाहन के कथित इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की मांग की गई, जबकि विधायक ने कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया।