गरोठ। मंदसौर जिले की गरोठ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से 163.100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान स्विफ्ट डिजायर और इनोवा सहित दो वाहन तथा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 3.26 लाख रुपए और दोनों वाहनों की कुल कीमत लगभग 28 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई में चांदखेड़ी खुर्द निवासी प्रधान सिंह और बालुसिंह को पकड़ने के बाद पूछताछ के आधार पर पंजाब निवासी गुरूप्रित सिंह और गुरूनाम को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, राजस्थान निवासी रणजीत सिंह फरार है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।