चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की चित्तौड़गढ़ जिला इकाई की ओर से कपासन नगर स्थित आरएनटी कॉलेज में जिला स्तरीय ‘नारी युवती सम्मेलन 2026’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में 500 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान छात्राओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा चास्टा ने की। सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका सोमनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। एबीवीपी चित्तौड़ प्रांत की छात्रा प्रमुख नीलम मेहता मुख्य वक्ता तथा चित्तौड़गढ़ जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं। कार्यक्रम का संचालन चित्तौड़ विभाग की छात्रा प्रमुख सुमन जाट ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने नारी की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। उन्होंने वर्तमान समय में नारी सशक्तीकरण से जुड़े विमर्शों पर विचार रखे तथा सीजेपी द्वारा किए गए प्रदर्शन में लगाए गए आपत्तिजनक नारों पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका सोमनी ने छात्राओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन की अध्यक्ष कृष्णा चास्टा ने वैदिक काल से लेकर वर्तमान समय तक समाज में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता नीलम मेहता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इतिहास और विकास की जानकारी देते हुए छात्राओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाने में संगठन की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभाग छात्रा प्रमुख सुमन जाट ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अभाविप चित्तौड़ विभाग के विभाग संगठन मंत्री सीताराम केसरी, रामकृष्ण मेहता, चित्तौड़ भाग संयोजक सुंदर भांड, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य लोकेंद्र सिंह, नगर मंत्री हिमांशु पुरोहित, नगर कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक एवं मनीष तथा इकाई सचिव हंसराज खटीक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।