मंदसौर। जिले के पित्याखेड़ी गांव में पेड़ पर लटके मिले जगदीश के शव के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी शांतिबाई का आरोप है कि उनके पति की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को शांतिबाई ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और एसपी विनोद कुमार मीना को ज्ञापन सौंपा।
शांतिबाई के अनुसार, 2 अक्टूबर को कान्हा सौधिया उनके घर आया था और जगदीश को जान से मारने की धमकी देकर गया था। उसी रात करीब 12 बजे जगदीश के मोबाइल पर फोन आया, जिसके बाद वे घर से निकल गए। सुबह 6 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल खेत में गिरी मिली और जगदीश का शव पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला।
पत्नी का दावा है कि जगदीश ने कई लोगों को फोन कर मदद मांगी थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जांच कराने की मांग की है।
पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप-
मृतक के भाई गोरेलाल चंदेल ने बताया कि 2 अक्टूबर की रात जगदीश घर से निकले थे और सुबह खेत में उनका शव मिला। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। गोरेलाल के अनुसार, परिवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें एसपी कार्यालय पहुंचना पड़ा।
परिजनों ने माया, उसके बेटे कान्हा और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर हत्या सहित अन्य लागू धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।