शाजापुर। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पोकलेन मशीन का रीडिंग मीटर और चाबी, कुल कीमत 75 हजार रुपये, बरामद की है। पुलिस अधीक्षक शाजापुर प्रियंका शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह तारनेकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शाजापुर कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
यह है मामला-
पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को फरियादी जाहिद पिता मसीद खां, निवासी आनंदीखेड़ी, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 अप्रैल की दरमियानी रात उसकी पोकलेन मशीन का चालक मोहम्मद परवेज रीडिंग मीटर और चाबी चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 75 हजार रुपये बताई गई। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 306 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर सूचना और साइबर सेल की मदद से गिरफ्तारी-
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर से मिली सूचना और साइबर सेल शाजापुर की सहायता से आरोपी मोहम्मद परवेज पिता शेख निशार, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 7, ग्राम अन्द्रा, थाना आदापुर, जिला मोतिहारी (बिहार) को मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया रीडिंग मीटर और चाबी बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय शाजापुर में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा, उपनिरीक्षक दिलीप भिलाला, प्रधान आरक्षक हेमेन्द्र सिंह जादौन, आरक्षक शिवचरण दांगी, रामेश्वर दांगी, जीवनसिंह राजपूत तथा साइबर सेल शाजापुर के आरक्षक घनश्याम राजपूत और अनिल सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।