नीमच। दिल्ली में 12 अक्टूबर को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित विरोध मार्च में नीमच जिले के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मन्नू बन्ना, मोनू लोक्स सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लेकर पार्टी की आवाज बुलंद की।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार देश में कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल में बदलाव के बाद मार्च 12 खंभा रोड पर आयोजित किया गया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने के आरोप लगाए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की स्वतंत्रता बेहद महत्वपूर्ण है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित विरोध मार्च में शामिल हुए।