मंदसौर। जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन कार से 1 करोड़ 29 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कार की बॉडी में गुप्त स्थान बनाकर यह राशि छिपाई गई थी। मामले में तीन लोगों को अभिरक्षा में लेकर नकदी के स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जब्त कार की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरखेड़ा उदा के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बने बाड़े में बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो-एन कार खड़ी है। सूचना में बताया गया कि कार में कथित तौर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई है और उसमें सवार लोग कहीं जाने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा और सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में टीम ने ग्राम बरखेड़ा उदा स्थित भवानीशंकर मीणा के निवास पर दबिश दी। मौके पर बाड़े में काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार खड़ी मिली और तीन व्यक्ति उपस्थित पाए गए।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान तीनों व्यक्तियों की पहचान भवानीशंकर पिता प्रभुलाल मीणा (49), निवासी बरखेड़ा उदा, थाना शामगढ़; मोहम्मद इस्लाम पिता मोहम्मद वसीम पठान (47), निवासी प्रतापपुर जीवनसहाय, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश; और सूर्य प्रकाश पिता कृष्ण स्वरूप गंगवाड़ (59), निवासी सेंट्रल एस्टेट कॉलोनी, इज्जतनगर, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तीनों को अभिरक्षा में लिया गया। इसके बाद स्कॉर्पियो को थाना शामगढ़ लाकर मैकेनिक की मदद से विधिवत तलाशी ली गई। कार की बॉडी खोलकर जांच करने पर उसमें बने गुप्त स्थानों से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। गिनती करने पर कुल राशि 1 करोड़ 29 लाख रुपये पाई गई।
आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना-
पुलिस ने 1 करोड़ 29 लाख रुपये की नकदी और करीब 20 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की काली महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन कार जब्त की है। फिलहाल नकदी के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आयकर विभाग को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुवासरा बी.डी. वीरा, थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुंदेला, थाना प्रभारी शामगढ़ उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रिया, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह कनेश, ओ.पी. राठौर, मनोज महाजन सहित शामगढ़, सुवासरा और भानपुरा थानों के पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।