चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी कस्बे में डीएसटी, खाद्य सुरक्षा विभाग और राशमी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान और दुकान से 413 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। घी के डिब्बों पर अलग-अलग मार्का के साथ सरस घी लिखा हुआ मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि राशमी कस्बे में अनिल पोखरना के मकान और दुकान में घी का भंडारण कर उसका विक्रय किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर मनीष शर्मा और कुलदीप मीणा तथा राशमी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर मकान और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग मार्का के टिन और प्लास्टिक के डिब्बों में घी मिला। डिब्बों पर सरस घी अंकित था।
घी की गुणवत्ता पर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नमूने लिए। इसके बाद घी के डिब्बों को सील कर कमरे में सुरक्षित रखा गया और कमरे को भी सील किया गया। जब्त घी का कुल वजन 4 क्विंटल 13 किलोग्राम बताया गया है।
प्रयोगशाला जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
फिलहाल घी के नकली होने की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल टीम
राशमी थाना पुलिस से थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हजारीलाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, रमेश, मनोज सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।