नीमच। शहर की स्टेशन रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी (औषधि मंडी) में गुरुवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। राकेश ट्रेडर्स के गल्ले से करीब 62 से 63 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। वहीं, कौशिक इंटरप्राइजेज के सीसीटीवी कैमरे को डिस्कनेक्ट कर शटर के दो ताले तोड़े गए, लेकिन तीसरा ताला नहीं टूटने से चोर दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। इसके अलावा ओसवाल किराना के गोदाम का ताला भी टूटा मिला। एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
सुबह दुकान पहुंचे तो बिखरा मिला सामान-
राकेश ट्रेडर्स के संचालक एवं पूर्व पार्षद राकेश गर्ग ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे दुकान पहुंचे तो चैनल खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ले और अलमारी के हैंडल टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 62 से 63 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने डायल 112 और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच-
मंडी निरीक्षक राहुल अस्थाना ने बताया कि मंडी कर्मचारी रात 10 से 12 बजे तक गश्त करते हैं। सुबह घटना की सूचना मिलने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग-
एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से मंडी के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता जताई है। अब सीसीटीवी फुटेज की जांच और पुलिस कार्रवाई से वारदात से जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद है। चोरी की वास्तविक राशि और आरोपियों की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।