पिपलियामंडी। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी नगर में चोरी की वारदात सामने आई है। बायपास मार्ग स्थित बोहरा मस्जिद के पास एक सूने मकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाश छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और चार कमरों में रखी लोहे व लकड़ी की अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर मल्हारगढ़ एसडीओपी पिंटूसिंह बघेल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटनाक्रम की जानकारी ली।
परिवार शादी समारोह में गया था रतलाम-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी हुसैन पिता अजीज हुसैन बोहरा निवासी बायपास रोड, बोहरा मस्जिद के पास, पिपलियामंडी की गांधी चौराहे पर ‘राज पेन्ट्स’ नाम से दुकान है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे वे परिवार सहित मकान पर ताला लगाकर रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने रतलाम गए थे।
14 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे पड़ोसी काईद जोहर हैदरी ने मोबाइल पर सूचना दी कि मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा है, जबकि छत का दरवाजा खुला हुआ है। इसके बाद फरियादी ने पुलिस को सूचना देने के लिए कहा। पड़ोसी ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
चार कमरों की अलमारियों के ताले टूटे, सामान बिखरा मिला-
पुलिस ने मकान के अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और चार कमरों की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। परिवार के रतलाम से लौटने के बाद सामान की जांच की गई तो मम्मी के कमरे की अलमारी और कपड़ों के ताले भी टूटे मिले। इसके बाद चोरी गए सामान की जानकारी सामने आई।
सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी-
फरियादी के अनुसार, बदमाश मकान से सोने की चार पुरानी चूड़ियां, सोने का पेंडल व चेन, सोने के चार झुमके, दो सोने के पेंडल, चार सोने की अंगूठियां, दो सोने के सिक्के, करीब 500 ग्राम चांदी और लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। फरियादी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसडीओपी, जांच जारी-
चोरी की वारदात की सूचना मिलने पर मल्हारगढ़ एसडीओपी पिंटूसिंह बघेल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली और मकान सहित आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस के सामने चोरी के आरोपियों का पता लगाने और चोरी गए आभूषण व नकदी बरामद करने की चुनौती है।